मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कौशांबी कलेक्ट्रेट का किया निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

- रोशनी सिंह
कौशांबी। मंडलायुक्त एवं रोल प्रेक्षक सौम्या अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अपर जिलाधिकारी न्यायालय में लंबित प्रकरणों का अवलोकन करते हुए उनके विधिसम्मत एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में चकबंदी कार्यालय में लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने को कहा गया। वहीं नजारत अनुभाग में कर्मचारियों की सर्विस बुक में नामिनी का विवरण दर्ज कर अभिलेखों को अद्यतन रखने पर विशेष बल दिया गया।

मंडलायुक्त ने अभिलेखागार कक्ष में प्राप्त डाक के त्वरित निस्तारण एवं संबंधित विभागों को समय से प्रेषित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता अनुसार वीडिंग कराकर स्थान उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। भूलेख कक्ष में लंबित पेंशन प्रकरणों एवं विभागीय कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए कार्मिकों का विवरण मानव संपदा पोर्टल पर अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त वरिष्ठ लेखा, संग्रह एवं रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों की नियमित जांच, आरसी वसूली की प्रगति की समीक्षा तथा नकल आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर फीडबैक सुनिश्चित करने एवं दैवीय आपदा कक्ष में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया।



