नवरात्रि को लेकर नगर निगम सख्त: मेयर बोलीं—मंदिरों तक जाने वाले रास्ते हों दुरुस्त

कानपुर में नवरात्र, रामनवमी और ईद को लेकर तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। कानपुर नगर निगम मुख्यालय के समिति कक्ष में बुधवार को महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त की संयुक्त अध्यक्षता में नवरात्रि, रामनवमी और ईद को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की साफ-सफाई, यातायात और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मेयर प्रमिला पांडेय ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मंदिरों, विशेषकर बारा देवी मंदिर तक जाने वाले सभी मार्गों को समय रहते दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
मेयर ने साफ-सफाई, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि नवरात्रि, रामनवमी और ईद के दौरान शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



