भाण्डेर में कलेक्टर की समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश

राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, दुर्घटनाओं में घायलों की मदद के लिए लोगों को किया जाएगा प्रोत्साहित
- अमन कुमार
दतिया। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने तहसील भाण्डेर के सभाकक्ष में कानून-व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाए और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से राहवीर योजना के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को राहवीर योजना के तहत प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही आम लोगों को इस योजना के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि दुर्घटना के समय घायलों को तुरंत सहायता मिल सके और उनकी जान बचाई जा सके।
प्रशासन का मानना है कि इस पहल से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने में मदद मिलेगी।



