सेन्ट्रल जोन में अपराध नियंत्रण को लेकर बड़ी समीक्षा बैठक, पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। दिनांक 18 मार्च 2026 को सेन्ट्रल जोन कार्यालय में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त सेन्ट्रल अर्चना सिंह सहित जोन के विभिन्न थानों के विवेचक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान क्षेत्र में अपराध की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों को लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही वांछित और इनामी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटर एवं टॉप-10 अपराधियों पर सतत निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
महिला एवं बाल अपराधों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए इनकी रोकथाम के लिए ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही चोरी, लूट, डकैती, वाहन चोरी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों और बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में अवैध शराब, मादक पदार्थों, जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



