BundelkhandNEWS

डॉ. संदीप सरावगी की मौजूदगी में नगरा इलेवन की बड़ी जीत, एमपीएल सीजन-3 में 57 रन से हराया मुकाबला

नगरा इलेवन का शानदार प्रदर्शन, मुख्य अतिथि डॉ. संदीप सरावगी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

  • पूजा परिहार

झांसी। ‘मीनेंश प्रीमियर लीग’ (एमपीएल) सीजन-3 का दूसरा मुकाबला रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा, जहां नगरा इलेवन ने ट्रेन मैनेजर रॉयल नगरा को 57 रनों के बड़े अंतर से हराकर दमदार जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि मैच के दौरान जनपद के प्रतिष्ठित समाजसेवी डॉ. संदीप सरावगी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कमल यादव की कप्तानी वाली नगरा इलेवन ने 180 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुकुम मीणा की टीम ट्रेन मैनेजर रॉयल नगरा शुरुआत से ही संघर्ष करती नजर आई। नगरा इलेवन के गेंदबाजों ने सटीक गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और टीम 15 ओवरों में 123 रन ही बना सकी।

डॉ. संदीप सरावगी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का मनोबल
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. संदीप सरावगी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, समर्पण और टीम वर्क की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि मीनेंश प्रीमियर लीग जैसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं और यहां से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के खेल आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को सही दिशा देते हैं।

टूर्नामेंट का आयोजन अध्यक्ष रामराज मीना की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी केदार मीना ने संभाली, जबकि सागर तिवारी ने अपनी जीवंत कमेंट्री से दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।

मैच के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिन्होंने तालियों की गूंज के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

Related Articles

Back to top button