अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, किसानों से लेकर महंगाई और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल


लोहिया पार्क में श्रद्धांजलि के बाद बोले—आलू किसानों को नहीं मिला दाम, निवेश और रोजगार पर सरकार दे जवाब
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए किसानों, महंगाई, निवेश और कानून-व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है और खासतौर पर आलू किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल सका।
गोमती नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आगरा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा और एटा समेत कई जिलों में आलू किसानों को भारी नुकसान हुआ है। हालात यह हैं कि किसानों ने आलू की खुदाई तक नहीं की और ट्रैक्टर से खेतों की जुताई करा दी। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आलू खरीद के लिए कितना बजट निर्धारित किया गया था।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार झूठे वादे करती है और निवेश के नाम पर केवल प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि हुए एमओयू में से कितना निवेश धरातल पर उतरा, किस औद्योगिक नीति के तहत निवेश आया और इसके लिए कितना इंसेंटिव दिया गया। साथ ही उन्होंने पूछा कि इससे कितने लोगों को रोजगार मिला।
महंगाई और गैस संकट को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जनता कभी नोटबंदी, कभी खाद और अब रसोई गैस के लिए लाइनों में खड़ी है। एलपीजी सिलेंडर की कमी से छोटे व्यापार जैसे चाय-पानी, ठेले और रेस्टोरेंट प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि वैश्विक हालात लंबे समय तक बने रहे तो गैस संकट और महंगाई दोनों बढ़ सकती हैं।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में हाल के घटनाक्रमों ने स्थिति को चिंताजनक बना दिया है। गोरखपुर, वाराणसी, मथुरा और बदायूं जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गंभीर मामलों में सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।



