अपर्णा यादव ने रायबरेली में आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण, बच्चों व माताओं से किया संवाद


गोद भराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम में हुई सहभागिता, शिक्षा और संस्कार पर दिया जोर
- दीक्षा त्रिवेदी
रायबरेली। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने बछरावां स्थित मेहरबान खेड़ा आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही वहां उपस्थित महिलाओं और बच्चों से संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान अपर्णा यादव ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने माताओं से स्वास्थ्य, पोषण और बच्चों की देखभाल से जुड़ी जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर उन्होंने नन्हे बच्चों से बातचीत करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
अपर्णा यादव ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा एवं संस्कार ही एक सशक्त समाज की नींव रखते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को बेहतर वातावरण, उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दें, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।



