पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने मंदिरों व मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश


रामनवमी-नवरात्रि को लेकर सतर्कता बढ़ी, भीड़ प्रबंधन व महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। 23 मार्च 2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट कानपुर नगर रघुबीर लाल ने रामनवमी एवं नवरात्रि पर्व के मद्देनजर थाना किदवई नगर, जूही और फीलखाना क्षेत्र के बारा देवी मंदिर एवं तपेश्वरी देवी मंदिर पहुंचकर मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने मंदिर परिसर व मेला क्षेत्र में पैदल गश्त कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की मुस्तैदी को परखा। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, सुचारु यातायात, प्रभावी बैरिकेडिंग और अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अधिक महिला पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए। साथ ही मिशन शक्ति 5.0 फेज-2 के अंतर्गत महिला आरक्षियों की नुक्कड़ नाटक टीम द्वारा मंदिर परिसर में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। इस दौरान आमजन को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश प्रसारित किए गए।
इसके अलावा पुलिस आयुक्त ने सीसीटीवी निगरानी को सुदृढ़ करने, चेन स्नैचिंग व अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने, पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने और फायर ब्रिगेड को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश भी दिए। मौके पर संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।



