डॉ. प्रियंका साहू ने जीता VG Global Mrs. India National का ‘द वॉरियर क्वीन’ खिताब

- पूजा परिहार
झांसी/प्रयागराज। सम्यक पार्टी महिला सभा की उत्तर प्रदेश अध्यक्षा डॉ. प्रियंका साहू ने Visionara Global (VG Global) Mrs. India National पेजेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘द वॉरियर क्वीन’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। यह उपलब्धि सम्यक पार्टी और पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय बनी है।
दिल्ली के होटल फर्न रेजिडेंसी, छतरपुर में 17 से 22 मार्च तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल में डॉ. प्रियंका ने मुख्य खिताब के साथ-साथ ‘बेस्ट होलिस्टिक प्रेस’ और ‘बेस्ट एंजेल इम्पैक्ट’ जैसी विशेष उपाधियां भी हासिल कीं। ये सम्मान उनके सामाजिक योगदान और महिलाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के लिए प्रदान किए गए।
डॉ. प्रियंका साहू झांसी की निवासी हैं। उन्होंने कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज (GSVM) से एमबीबीएस की पढ़ाई की और प्रयागराज के मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की। वर्तमान में वे प्रतापगढ़ के ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के पद पर कार्यरत हैं।

परिवार, व्यावसायिक जीवन, राजनीतिक और सामाजिक दायित्वों को कुशलतापूर्वक संतुलित करते हुए उन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। उनके पति डॉ. सत्येंद्र कुमार ने उनका पूर्ण सहयोग किया है। डॉ. सत्येंद्र एमबीबीएस चिकित्सक हैं तथा वर्तमान में जिले के एक मेडिकल कॉलेज में एनाटॉमी विभाग से जुड़े हुए हैं।
डॉ. प्रियंका सम्यक पार्टी महिला सभा की उत्तर प्रदेश अध्यक्षा हैं और उन्हें 15 मार्च 2026 को हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी चुनाव में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए भी चुना गया। पेजेंट का मूल मंत्र “Beauty with Purpose” महिलाओं के आत्मविश्वास, प्रतिभा और सामाजिक प्रभाव को बढ़ावा देता है।
यह उपलब्धि न केवल सम्यक पार्टी और उनके परिवार के लिए बल्कि झांसी, बुंदेलखंड और पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। डॉ. प्रियंका ने साबित कर दिया कि महिला चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक नेता के रूप में भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।



