NEWSUttar Pradesh

रामनवमी शोभायात्रा को लेकर बेगमगंज क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी, डीसीपी सेंट्रल ने किया रूट मार्च

ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। रामनवमी के अवसर पर प्रस्तावित शोभायात्रा एवं ज्वारा जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में 26 मार्च 2026 को पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव द्वारा बेकनगंज थाना क्षेत्र में स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा रूट मार्च किया गया।

निरीक्षण के दौरान संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही शोभायात्रा की निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के उपयोग के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति पर तत्काल नजर रखी जा सके।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने एवं वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील भी की।

ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अर्चना सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त अनवरगंज एवं अन्य संबंधित अधिकारी व पुलिस बल मौजूद रहे। शोभायात्रा की सतत निगरानी ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है।

Related Articles

Back to top button