एचबीटीयू में त्रिमंडलीय समीक्षा बैठक, युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर


कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने योजनाओं की प्रगति पर की समीक्षा, पारदर्शी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। एचबीटीयू परिसर में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत कानपुर, झांसी एवं चित्रकूट मंडल की त्रिमंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान राकेश सचान ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रभावी रणनीतियों पर चर्चा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने रोजगार के अवसर सृजित कर सकें।
बैठक में यह भी कहा गया कि प्रदेश सरकार युवाओं को सशक्त बनाकर उन्हें रोजगार लेने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।



