NEWSUttar Pradesh

महोबा में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी, एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने दिए सख्त निर्देश

कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर, त्योहारों में पुलिस की सराहना, आगामी चुनावों को लेकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश

  • दीपक कुमार

महोबा। पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह द्वारा मासिक सैनिक सम्मेलन एवं अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाना रहा।

सम्मेलन के दौरान पुलिस कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित, न्यायसंगत और संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस बल के मनोबल, कार्यक्षमता और कल्याण पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया गया।

एसपी ने माह मार्च में होली, चैत्र नवरात्रि, रामनवमी, रमजान और ईद जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।

बैठक में आगामी डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती एवं पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में सघन निगरानी, नियमित गश्त और प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठोस रणनीति अपनाने पर जोर दिया गया।

समीक्षा के दौरान घटित घटनाओं का बिंदुवार विश्लेषण करते हुए अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता, प्रभावी पुलिसिंग और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।

Related Articles

Back to top button