झाँसी में हिंदी साहित्य भारती की अहम बैठक, अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को मिली रफ्तार

देश-विदेश के पदाधिकारियों ने बनाई रणनीति, संगठन विस्तार पर विशेष जोर
- पूजा परिहार
झाँसी। अंतरराष्ट्रीय संस्था हिंदी साहित्य भारती की निर्णायक मंडल कोर समिति की एक महत्वपूर्ण एक दिवसीय बैठक झाँसी स्थित होटल द मारवलस में आयोजित की गई। बैठक में देश-विदेश से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सहभागिता कर संगठन की आगामी योजनाओं, विस्तार और गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
यह संस्था भारतीय जीवन मूल्यों की पुनर्प्रतिष्ठा और विश्वबंधुत्व की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। बैठक के दौरान संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
चार सत्रों में हुआ व्यापक मंथन
बैठक को चार अलग-अलग सत्रों में विभाजित कर विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इन सत्रों में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को तेज करने, विभिन्न प्रकोष्ठों के गठन, वार्षिक कार्यक्रमों के नियमित आयोजन, निधि संग्रह अभियान को मजबूत बनाने तथा प्रवास कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई।
इसके अलावा सभी प्रदेश इकाइयों के बैंक खाते खोलने की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने और संस्था की गतिविधियों को अधिक प्रभावशाली एवं आकर्षक बनाने के उपायों पर भी मंथन किया गया।
शिर्डी में अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी तेज
बैठक में आगामी 16, 17 और 18 मई 2026 को शिर्डी में आयोजित होने वाले पाँचवें अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अधिवेशन को सफल बनाने के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जो महाराष्ट्र इकाई के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियों को अंतिम रूप देगी।



