कानपुर में बाल्मीकि समाज ने किया भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित का भव्य स्वागत

नगर निगम परिसर में हुआ सम्मान समारोह, बड़ी संख्या में समाज के लोग हुए शामिल
- दिव्या पाण्डेय
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी, कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित का नगर निगम परिसर में बाल्मीकि समाज द्वारा भव्य स्वागत किया गया। यह कार्यक्रम जीवन विकास परिषद, बाल्मीकि विकास परिषद एवं नगर निगम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता धीरज बाल्मीकि ने की, जबकि संचालन किशन लाल सुदर्शन द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में अनिल दीक्षित की उपस्थिति रही, जहां उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें फूलमालाओं से स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में बाल्मीकि समाज के गणमान्य लोग, कर्मचारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति पर जोर देते हुए आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
बाल्मीकि समाज की भूमिका की सराहना
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि बाल्मीकि समाज ने भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने समाज की राष्ट्र निर्माण और सेवा में अग्रणी भूमिका की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में जीवन विकास परिषद, बाल्मीकि विकास परिषद एवं नगर निगम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें राम सेवक खोटे, संजीत कुमार, सुशील बाल्मीकि, सूरज गौतम, सुशील गहरवार, सुरजीत बाल्मीकि, रत्नाकर दया, नीरज अवरोही, अभिषेक बाघमार आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।



