उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया निरीक्षण, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


फाजिलनगर में HPV वैक्सीनेशन सेंटर का शुभारंभ, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
- दिवाकर गुप्ता
कुशीनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फाजिलनगर में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर शुरू किए गए HPV (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीनेशन अभियान के अंतर्गत वैक्सीनेशन सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह पहल बेटियों को गर्भाशय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी बच्चियों को इस टीकाकरण अभियान से जोड़कर उनके सुरक्षित भविष्य में योगदान दें।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, विधायक विवेकानंद पांडेय, डॉ. असीम कुमार राय, सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, विजय प्रकाश गोंड सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।



