NEWSUttar Pradesh

कानपुर में किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार, 4 डॉक्टर फरार

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रावतपुर पुलिस और सर्विलांस टीम (पश्चिम जोन) की संयुक्त कार्रवाई में किडनी ट्रांसप्लांट से जुड़े एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया गया है। इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 4 डॉक्टर अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के निर्देश पर डीसीपी वेस्ट और एसीपी कल्याणपुर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने कल्याणपुर-रावतपुर क्षेत्र से जिन 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें 4 निजी अस्पताल संचालक भी शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शहर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में अब तक करीब 40 से 50 किडनी ट्रांसप्लांट किए जाने की आशंका है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों और संस्थानों की पहचान की जा सके।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button