चकेरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चरस और अमेरिकन गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, ₹25 हजार का इनाम घोषित

मुखबिर की सूचना पर की गई छापेमारी में नशीले पदार्थ बरामद
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। कमिश्नरेट कानपुर नगर में अपराध और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चकेरी पुलिस, सर्विलांस और स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उपायुक्त अपराध श्रवण कुमार सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त अंकित सिंह चौहान उर्फ अंकित तुत्तल (उम्र करीब 27 वर्ष), निवासी कालीबाड़ी लालबंग्ला, थाना चकेरी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से 101.7 ग्राम THC (टेट्राहाइड्रोकैनाबिनोल/ड्रोनाबिनोल) और 1.0069 किलोग्राम चरस बरामद की गई।
यह कार्रवाई थाना चकेरी क्षेत्र में चेकिंग और गश्त के दौरान की गई, जिसमें उ0नि0 अजय कुमार (चौकी प्रभारी लालबंग्ला) और उ0नि0 कुलदीप (चौकी प्रभारी रामादेवी) मय पुलिस बल शामिल रहे।
इस संबंध में थाना चकेरी में मु0अ0सं0 206/2026 धारा 8/20/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त अपराध ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को ₹25 हजार का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।



