लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, दोषसिद्धि दर बढ़ाने और वांछित अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय सभागार में गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/अपराध) श्री संकल्प शर्मा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं अभियोजन अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान लंबित मामलों की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया गया और उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त ने अभियोजन पक्ष के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, साक्ष्यों को मजबूत करने और गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि दोषसिद्धि दर में वृद्धि हो सके।
इसके अलावा, चिन्हित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी तथा उनकी अवैध संपत्तियों के जब्तीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। इस पहल का उद्देश्य जनपद में संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।

