रावतपुर के निजी अस्पताल से जुड़े मामले में 6 लोग चिन्हित, अन्य डॉक्टरों की भूमिका भी जांच के दायरे में
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। थाना रावतपुर क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में अवैध किडनी खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में अब तक 6 व्यक्तियों समेत कुछ अन्य डॉक्टरों के नाम सामने आए हैं, जिनमें से कई आरोपी वर्तमान में फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस द्वारा अन्य जनपदों के अस्पतालों की संभावित संलिप्तता की भी गंभीरता से जांच की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क के विस्तार का पता लगाया जा सके। मामले में अपनी किडनी बेचने वाले दो व्यक्तियों से पूछताछ की गई है, जिनसे कुछ महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। इन आधारों पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दोनों व्यक्तियों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है। उनके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि एक व्यक्ति देहरादून का एमबीए छात्र है, जिसने आर्थिक तंगी और फीस जमा करने के दबाव के चलते यह कदम उठाया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और संबंधित सभी पहलुओं पर विधिक कार्रवाई जारी है।


