37वीं वाहिनी में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, अभिनेता गौरव खन्ना ने जवानों को दिया सफलता का मंत्र


क्रिस्टा आईवीएफ की डॉ. कीर्ति गुप्ता ने महिला सशक्तिकरण और मातृत्व पर किया जागरूक, कार्यक्रम में जवानों का बढ़ा मनोबल
- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। 37वीं वाहिनी में 30 मार्च 2026 को सेनानायक श्री बी.बी. चौरसिया (IPS) की उपस्थिति में एक विशेष कार्यक्रम एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकप्रिय टेलीविजन अभिनेता Gaurav Khanna मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि क्रिस्टा आईवीएफ की विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति गुप्ता विशिष्ट अतिथि रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय परंपरा के अनुरूप किया गया। सेनानायक द्वारा अतिथियों का स्वागत ‘ट्री पॉट’ (पौधा) भेंट कर किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

मुख्य अतिथि गौरव खन्ना ने अपने संबोधन में पीएसी जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और साहस की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी निराश नहीं होना चाहिए और निरंतर मेहनत के साथ बड़ा लक्ष्य तय करना चाहिए।
उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज और बच्चे उन्हें देखकर सीखते हैं, इसलिए उनका आचरण अनुकरणीय होना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी जमीन से जुड़े रहना ही असली महानता है।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान डॉ. कीर्ति गुप्ता ने महिला सशक्तिकरण और मातृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निःसंतानता को एक चिकित्सा समस्या बताते हुए उचित इलाज और सकारात्मक सोच से इसके समाधान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और लगन से किया गया कार्य हमेशा सफलता दिलाता है।
सेनानायक श्री बी.बी. चौरसिया ने अतिथियों और चिकित्सक टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वाहिनी अपने जवानों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सदैव सजग है। यह कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि जवानों के मनोबल को भी नई ऊर्जा प्रदान की।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वाहिनी के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



