दादरी में मिले जनसमर्थन से भाजपा पर दबाव, सपा सरकार बनाने का दावा: अखिलेश यादव

भाजपा पर बदले हुए रुख का आरोप
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि दादरी में पार्टी को मिले जनसमर्थन से भाजपा के होश उड़ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली के बाद सरकार के बयानों में बदलाव आया है और अब भाजपा जेपीएनआईसी, गोमती रिवरफ्रंट और मेट्रो जैसी परियोजनाओं का जिक्र कर रही है। उन्होंने कहा कि मेट्रो की शुरुआत समाजवादी सरकार में हुई थी, जबकि वर्तमान में उसे लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में एक ‘वनस्पति’ का तेजी से विकास हुआ है और हाल ही में लखनऊ में बड़ी मात्रा में ‘वनस्पति’ पकड़ी गई। उन्होंने इसे लेकर सरकार पर कटाक्ष भी किया।
लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में जिला संगठनों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि 2024 में पार्टी संगठन ने बेहतर प्रदर्शन किया था और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाया था। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर संगठन कार्य कर रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान भाजपा और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उनके अनुसार, जहां चुनाव चल रहे हैं, वहां कई गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होती हैं, जिन पर विपक्ष नजर बनाए हुए है।
किसानों के मुद्दों पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में खेती की लागत बढ़ी है और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने खाद, बीज और गैस की कीमतों में वृद्धि का भी जिक्र किया।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में अनियमितताएं हुई हैं और जनता अब सच्चाई समझ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर किसानों को उचित मुआवजा और बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी।
अखिलेश यादव ने अंत में आम जनता और पत्रकारों से अपील की कि वे लोकतांत्रिक सरकार के गठन में सहयोग करें, जो गरीब, किसान और मजदूरों के हित में काम करे और पीड़ितों को न्याय दिलाए।



