NEWSUttar Pradesh

महोबा में गेहूं खरीद की तैयारी तेज, ई-पॉप डिवाइस से होगी पारदर्शी खरीद

“पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किसानों को मिलेगा लाभ

  • विजय सिंह

महोबा। महोबा में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत गेहूं खरीद को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कुंवर पंकज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और सभी क्रय केन्द्र प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान केन्द्र प्रभारियों को ई-पॉप डिवाइस वितरित किए गए, जिनके संचालन का विस्तृत प्रशिक्षण ई-पॉप इंजीनियर द्वारा दिया गया।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस बार गेहूं खरीद आईरिश ऑथेंटिकेशन प्रणाली के माध्यम से की जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनेगी। भारतीय खाद्य निगम के प्रतिनिधि ने गेहूं की गुणवत्ता मानकों पर प्रकाश डाला, वहीं जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने कृषक पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी। बताया गया कि अधिकांश पंजीकरण स्वतः सत्यापित हो रहे हैं, जबकि शेष किसान कम्प्यूटरीकृत खसरा/खतौनी और आधार कार्ड के साथ संबंधित केन्द्र प्रभारी से संपर्क कर सत्यापन करा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गेहूं खरीद “पहले आओ, पहले पाओ” के सिद्धांत पर ही की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जनपद में गेहूं खरीद के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। किसी भी समस्या के समाधान हेतु किसान दूरभाष संख्या 05281-298431 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button