महोबा में हीट वेव प्रबंधन और जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न
- दीपक कुमार
महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हीट वेव प्रबंधन एवं जल जीवन मिशन से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में गर्मी के मौसम को देखते हुए आवश्यक तैयारियों और जनसुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। खराब पड़े हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत, कुओं की सफाई तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
सार्वजनिक स्थलों पर निःशुल्क पेयजल (प्याऊ) की समुचित व्यवस्था तथा रैन बसेरों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिशाषी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सिंचाई विभाग को जनपद के सभी तालाबों में जल स्तर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

बस स्टेशनों और प्रतीक्षालयों में यात्रियों के लिए पंखे, कूलर और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को गर्मी से राहत मिल सके। वहीं गौशालाओं में पर्याप्त पानी, भूसा और चारे की व्यवस्था तथा पशुओं के पीने के पानी को ठंडा रखने के लिए चरही पर शेड लगाने के निर्देश भी जारी किए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं के तहत सभी CHC/PHC पर 24 घंटे डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाएं, ORS और एंटी-वेनम की पर्याप्त उपलब्धता रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही संक्रामक रोगों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने को भी कहा गया।
प्रशासन ने लू से बचाव के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया, ताकि आमजन जागरूक होकर सुरक्षित रह सकें। किसी भी समस्या के लिए जनपदवासी कंट्रोल रूम नंबर 05281-298431 पर संपर्क कर सकते हैं।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हीट वेव के दौरान आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक उपाय समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।


