HomeNEWSसीडीओ दीक्षा जैन ने स्कूलों का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था सुधारने के...

सीडीओ दीक्षा जैन ने स्कूलों का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था सुधारने के दिए सख्त निर्देश

औचक निरीक्षण में लापरवाही उजागर, सहायक अध्यापक का वेतन रोका गया

  • प्रियंका द्विवेदी

कानपुर नगर। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दीक्षा जैन ने शनिवार को कम्पोजिट विद्यालय रामकृष्ण नगर तथा चुन्नीगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भौसियां हाता का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, उपस्थिति पंजिका, मिड डे मील और परिसर की साफ-सफाई की स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया गया। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे।

कम्पोजिट विद्यालय रामकृष्ण नगर में निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच में सहायक अध्यापक प्रभा सिंह के सामने बीएलओ ड्यूटी अंकित पाई गई। आगे की जांच में यह सामने आया कि संबंधित अध्यापक द्वारा मार्च माह में विद्यालय में अध्यापन कार्य नहीं किया गया। इस गंभीर लापरवाही पर सीडीओ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित सहायक अध्यापक का अप्रैल 2026 का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोका जाए तथा उनसे स्पष्टीकरण लिया जाए। साथ ही भविष्य में वेतन का भुगतान ईआरओ गोविंद नगर की संस्तुति के बाद ही करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने मिड डे मील की गुणवत्ता और व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही पाठ्य सामग्री का वितरण कराया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि सभी छात्रों को समय पर पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए और शिक्षण कार्य नियमित रूप से संचालित किया जाए। इसके साथ ही “स्कूल चलो अभियान” के तहत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए हाउसहोल्ड सर्वे कराने के निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद प्राथमिक विद्यालय भौसियां हाता का निरीक्षण किया गया, जहां जिला पूर्ति विभाग की एक इमारत अनुपयोगी स्थिति में पाई गई। इस पर सीडीओ ने जिला पूर्ति अधिकारी को समिति गठित कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए भवन के संबंध में नीलामी एवं ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया नियमानुसार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि विद्यालय में नामांकित सभी छात्र उपस्थित थे, जिसकी सीडीओ ने सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित निगरानी आवश्यक है और आगे भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments