
फेयरवेल पार्टी में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और ‘मिस फेयरवेल’ का हुआ चयन
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। एस.एन. सेन बालिका विद्यालय पीजी कॉलेज, मॉल रोड में छात्राओं के समग्र विकास के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में विज्ञान संकाय की छात्राओं ने बी.एससी. तृतीय वर्ष की छात्राओं को भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर भव्य फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें जूनियर छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का आयोजन बी.एससी. प्रथम वर्ष की कीर्ति गुप्ता, सृष्टि पाल तथा द्वितीय वर्ष की आयशा, ज़िया, सदा, उरूज़ आदि छात्राओं की समिति द्वारा किया गया। समारोह का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्या प्रो. सुमन, रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. गार्गी यादव, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति सिंह एवं जन्तु विज्ञान विभाग की डॉ. शैल वाजपेई ने मां सरस्वती के पूजन एवं आशीर्वचन के साथ किया।

कार्यक्रम के दौरान म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता के तीन राउंड आयोजित हुए, जिसमें प्रथम स्थान जनवी, द्वितीय ताशु और तृतीय स्थान अलसबा ने प्राप्त किया। इसके अलावा छात्राओं ने रैंप वॉक और विभिन्न रोचक खेलों में भाग लेकर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण ‘मिस फेयरवेल’ का चयन रहा, जिसमें छात्राओं की वेशभूषा, व्यक्तित्व, संवाद शैली और ज्ञान के आधार पर बी.एससी. तृतीय वर्ष की राखी मौर्या को मिस फेयरवेल चुना गया। प्राचार्या प्रो. सुमन ने उन्हें क्राउन एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन सानिया सिंह ने किया। इस दौरान छात्राओं ने नृत्य और संगीत के माध्यम से सभी का मनोरंजन किया तथा एक-दूसरे को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए भावुक विदाई दी।
कार्यक्रम में प्रो. गार्गी यादव, डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. शैल वाजपेई, डॉ. समीक्षा सिंह, श्रीमती प्रीति सक्सेना, श्री एस.पी. पांडे, श्री अवधेश, श्री रिंकू एवं श्रीमती माया सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


