
कानपुर के विकास, रोजगार और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
- अभिषेक कुमार
कानपुर नगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को कानपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहा है और मतदाताओं के वोट काटने की साजिश रची जा रही है, जिससे लोगों में भय का माहौल बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने फर्जी दस्तखत कर वोट कटवाने वालों को पकड़ा, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर कानपुर की पहचान को मजबूत करने के लिए कानपुर-इटावा-कन्नौज को ‘ट्रेड ट्रायंगल’ के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने लाल इमली कारखाने को पुनः शुरू करने की बात कही और दावा किया कि इसे केवल समाजवादी ही चला सकते हैं।
उन्होंने अपनी सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि कानपुर में मेट्रो रेल, पनकी बिजली परियोजना, घाटमपुर में निवेली लिग्नाइट बिजली कारखाना और अमूल प्लांट जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट समाजवादी सरकार की देन हैं। उन्होंने कहा कि उनकी औद्योगिक नीति के तहत ही ये विकास कार्य संभव हो पाए थे।
नदियों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सफाई के नाम पर सिर्फ बजट का दुरुपयोग किया, जबकि जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हुआ।
भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेईमानी और लूट चरम पर है। कानपुर में चर्चित किडनी कांड और अवैध कारोबारों का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में हालात चिंताजनक हैं। NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और प्रदेश में कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।

शिक्षामित्रों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय उन्हें बेहतर वेतन मिलता था, जबकि वर्तमान सरकार ने उन्हें लंबे समय तक उपेक्षित रखा। उन्होंने वादा किया कि भविष्य में उनकी सरकार बनने पर शिक्षामित्रों और युवाओं को सम्मान और न्याय मिलेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि अस्पतालों में गरीबों को न तो दवाएं मिल रही हैं और न ही सही इलाज। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाजवादी सरकार बनने पर गरीबों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हटने के बाद ही जनता के बुरे दिन खत्म होंगे और प्रदेश में विकास की नई शुरुआत होगी।


