
वार्षिकोत्सव में प्रतिभावान छात्राओं को मिला पुरस्कार, मेहनत और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने अलीगंज स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. चौहान ने छात्राओं को आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और अनुशासन को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए किस्मत से अधिक मेहनत पर भरोसा करना चाहिए।
कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया।


