प्रशिक्षण अनुभव, शारीरिक दक्षता और अनुशासन की परखी गई क्षमता, वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति
- प्रतीक कुमार
महोबा। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन के आदेश कक्ष में एक महत्वपूर्ण साक्षात्कार प्रक्रिया आयोजित की। इस दौरान जनपद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कुल 246 रिक्रूट आरक्षियों का साक्षात्कार लिया गया।
साक्षात्कार के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आरक्षियों के प्रशिक्षण अनुभव, शारीरिक दक्षता और अनुशासन का सूक्ष्म एवं प्रभावी मूल्यांकन किया। उन्होंने प्रत्येक अभ्यर्थी की क्षमता को परखते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों अधिकारियों ने भी प्रशिक्षण प्रक्रिया का अवलोकन कर आरक्षियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
यह प्रक्रिया रिक्रूट आरक्षियों की कार्यक्षमता को मजबूत बनाने और उन्हें भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


