
आग से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान तेज, उत्कृष्ट कार्य पर फायरमैन सम्मानित
- प्रतीक कुमार
कानपुर नगर। प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मेघराज’ के तहत आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में घाटमपुर क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को आग से बचाव, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने घाटमपुर अग्निशमन केंद्र का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण में उपलब्ध संसाधनों, कंट्रोल रूम की व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले फायरमैन भूपेंद्र कुमार साहू को सम्मानित भी किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत आम जनता को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि आग लगने की घटनाओं को रोका जा सके और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और आपदा मित्रों ने भाग लिया।

निरीक्षण के दौरान अग्निशमन केंद्र पर उपलब्ध संसाधनों की जानकारी भी साझा की गई, जिसमें फायर टेंडर, हाई प्रेशर वाटर मिस्ट, स्ट्रेचर, ब्रीदिंग उपकरण, मोटरसाइकिल और फोम टेंडर शामिल हैं। इन संसाधनों की मदद से वर्ष 2025 में 286 तथा वर्ष 2026 में अब तक 39 घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है। साथ ही कई लोगों की जान भी बचाई गई।
बताया गया कि घाटमपुर अग्निशमन केंद्र के अंतर्गत कई थाना क्षेत्र आते हैं, जहां गर्मी के मौसम को देखते हुए अतिरिक्त अस्थायी अग्निशमन केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, जिससे आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा, तहसील स्तर पर अब तक 188 नागरिकों को ‘अग्नि सचेतक’ के रूप में प्रशिक्षित किया गया है, जबकि 21 से अधिक ‘आपदा मित्र’ भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। जनपद की चारों तहसीलों में कुल 293 अग्नि सचेतकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के अभियानों से न केवल आग की घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।


