HomeNEWSआरटीसी योजना के तहत ट्रैफिक सुधार अभियान तेज, लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मी...

आरटीसी योजना के तहत ट्रैफिक सुधार अभियान तेज, लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

घंटाघर चौराहे के निरीक्षण में मिली खामियां, यातायात व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण के निर्देशानुसार प्रदेश में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए ‘Reducing Traffic Congestion (RTC)’ योजना लागू की गई है। इसी योजना के तहत कानपुर में पुलिस आयुक्त के निर्देशन में बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए 14 प्रमुख मार्गों को चिन्हित किया गया है।

इसी क्रम में बुधवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने शहर के विभिन्न मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूर्वी जोन-2 स्थित घंटाघर चौराहे पर यातायात प्रबंधन में लापरवाही सामने आई, जिस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।

कार्रवाई की जद में जोन ट्रैफिक इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज (सुतरखाना) सुमित कुमार और चौकी इंचार्ज (नयागंज) कामेश राज शामिल हैं। बताया गया कि पूर्व में भी अधिकारियों द्वारा कई बार घंटाघर चौराहे का निरीक्षण कर ई-रिक्शा, ऑटो व अन्य वाहनों के अव्यवस्थित खड़े होने पर रोक लगाने, अतिक्रमण हटाने और व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। साथ ही अन्य सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आरटीसी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments