डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा के निर्देशन में कमिश्नरेट कानपुर नगर में चलाए जा रहे विशेष वाहन चेकिंग अभियान के क्रम में दिनांक 10/11.04.2026 को सेंट्रल जोन क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) अतुल कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में यह अभियान यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु संचालित किया गया।
अभियान के दौरान नाबालिग ई-रिक्शा/ऑटो चालकों, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों, निर्धारित रूट के अतिरिक्त अवैध संचालन करने वाले ई-रिक्शा/ऑटो तथा रात्रि में संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के दृष्टिगत सघन चेकिंग की गई। बिना वैध कागजात पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। साथ ही पूर्व निर्धारित रूट हेतु आवंटित क्यूआर कोड के माध्यम से वाहनों का सत्यापन भी किया गया।
थाना नवाबगंज क्षेत्र स्थित गुरुदेव चौराहा एवं थाना स्वरूपनगर क्षेत्र स्थित गोल चौराहा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां पुलिस उपायुक्त महोदय स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर वाहनों की सघन जांच करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त स्वरूपनगर, संबंधित थाना प्रभारी एवं पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। यह अभियान सेंट्रल जोन के समस्त थाना क्षेत्रों में प्रभावी रूप से संचालित किया गया।


