
एंटी-राइट गन, आंसू गैस व सुरक्षा उपकरणों के साथ पुलिसकर्मियों ने किया सजीव मॉक ड्रिल प्रदर्शन
- राहुल दीक्षित
कानपुर देहात। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन्स में बलवा ड्रिल (दंगा नियंत्रण अभ्यास) का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल को आपात परिस्थितियों में त्वरित, प्रभावी एवं संयमित कार्रवाई के लिए तैयार करना था, जिससे समाज में भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को बॉडी प्रोटेक्टर, टियर गैस (आंसू गैस) और एंटी-राइट गन जैसे आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। ड्रिल में पुलिसकर्मियों को दो समूहों में विभाजित किया गया, जिसमें एक टीम ने भीड़ (बलवाइयों) की भूमिका निभाई जबकि दूसरी टीम ने रणनीतिक तरीके से स्थिति को नियंत्रित करने का अभ्यास किया।
अधिकारियों ने जोर देते हुए कहा कि दंगा नियंत्रण के दौरान तकनीकी दक्षता के साथ-साथ मानसिक संयम भी अत्यंत आवश्यक है। यह अभ्यास पुलिस बल की शांति व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन/सिकन्दरा, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, प्रतिसार निरीक्षक सहित सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।


