कानपुर में 19 अप्रैल को निःशुल्क हेल्थ व ब्लड डोनेशन कैंप, 14 विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सुलभ बनाने के उद्देश्य से कानपुर हेल्थ कमेटी, मुस्कुराए कानपुर एवं पावन गंगा सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 19 अप्रैल को स्वरूप नगर स्थित सुमित्रा कन्या क्लीनिक में निःशुल्क हेल्थ कैंप एवं ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा।
कानपुर हेल्थ कमेटी के संस्थापक डॉ. सिधांशु राय ने बताया कि कैंप में विभिन्न थेरेपी के लगभग 14 विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल होकर मरीजों को निःशुल्क परामर्श व उपचार प्रदान करेंगे। साथ ही, प्रयास किया जाएगा कि कैंप में देखे गए मरीजों को डॉक्टर अपनी क्लीनिक में भी एक बार निशुल्क परामर्श दें।
उन्होंने बताया कि इस दौरान चिकित्सकों के बीच “स्वास्थ्य मंथन” भी आयोजित होगा, जिसमें सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक प्रभावी रोडमैप तैयार किया जाएगा।
समन्वयक डॉ. शरद बाजपेई ने कहा कि हेल्थ कमेटी द्वारा नियमित हेल्थ ओपीडी संचालित की जाएगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतरता बनी रहे।
वहीं, सचिव डॉ. अमरनाथ कश्यप एवं अध्यक्ष प्रमोद कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि पावन गंगा सेवा संस्थान द्वारा 200वां ब्लड डोनेशन कैंप भी आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम सह-समन्वयक राजेश ग्रोवर ने कहा कि रक्तदान से व्यक्ति को आत्मिक संतोष मिलता है, क्योंकि उसका रक्त किसी की जान बचाने में सहायक बनता है।
इस हेल्थ कैंप में कानपुर सुपर 100, मुस्कुराए उत्तर प्रदेश फाउंडेशन, यूपी सुपर 200 सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का सहयोग रहेगा।


