निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा के लिए सुरक्षा, निगरानी और व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। कानपुर जोन में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एडीजी जोन कानपुर आलोक सिंह द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत समीक्षा बैठक की गई।
इस बैठक में कानपुर जोन के सभी जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, नामित नोडल अधिकारी (पुलिस/प्रशासन), कार्यदायी संस्थाओं के जनपद स्तरीय प्रतिनिधि एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत और बहुस्तरीय बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने, सुरक्षित वितरण सुनिश्चित करने तथा परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह नियंत्रित रखने पर विशेष जोर दिया गया।

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सहायता जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी योजना लागू करने पर भी चर्चा हुई।
आलोक सिंह ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने, फ्लाइंग स्क्वॉड और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती पर जोर दिया।
इसके अलावा प्रश्नपत्र प्राप्ति से लेकर परीक्षा सम्पन्न होने और उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन व प्रेषण तक हर चरण में सतत निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की अफवाह, अनियमितता या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली (Quick Response) और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को भी सक्रिय रखने को कहा गया।
बैठक में सभी जनपदों को आपसी समन्वय, सतर्कता और प्रभावी संचार व्यवस्था के माध्यम से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और निर्विघ्न रूप से संपन्न कराई जा सके।


