
कानपुर में ‘स्वास्थ्य मंथन’ और हेल्थ कैंप का आयोजन
- पारदर्शिता और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेषज्ञों ने दिया जोर
- नेहा वर्मा
कानपुर नगर। कानपुर हेल्थ कमेटी द्वारा ‘मुस्कुराए कानपुर’ एवं पावन गंगा सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य मंथन, हेल्थ कैंप और ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और पारदर्शी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में ‘मुस्कुराए कानपुर’ के संस्थापक डॉ. सिधांशु राय ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता ही बेहतर इलाज की ओर पहला कदम है। उन्होंने सुझाव दिया कि शहर का हेल्थ डैशबोर्ड तैयार कर सरकारी और निजी अस्पतालों में बेड व दवाओं की रियल टाइम उपलब्धता प्रदर्शित की जाए।
इस अवसर पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि होटल और रेस्टोरेंट स्वादिष्ट के साथ-साथ स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराएं तथा मोटे अनाज को प्राथमिकता दें। वहीं वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक ने गरीबों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कानपुर हेल्थ कमेटी के समन्वयक डॉ. शरद बाजपेई ने बताया कि समिति भविष्य में स्कूलों और कॉलेजों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाएगी। वहीं रिटायर्ड आईपीएस रतन श्रीवास्तव और को-चेयरमैन डॉ. उमेश पालीवाल ने सरकारी अस्पतालों में बेहतर प्रबंधन के लिए सामाजिक संस्थाओं के सहयोग की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप में लगभग 25 लोगों ने रक्तदान किया। साथ ही हेल्थ कैंप में 11 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम—जिसमें डॉ. बी.एन. त्रिपाठी, डॉ. विनय कृष्णा, डॉ. आदित्य अग्रवाल, डॉ. मंजूलिका बाजपेई, डॉ. हेमंत मोहन, डॉ. आकाश शर्मा, डॉ. आरती मोहन, डॉ. रक्षित सेठी, डॉ. अनुराग शुक्ला और फिटनेस एक्सपर्ट डॉ. कविता अरोड़ा शामिल रहे—ने 100 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
कार्यक्रम में अनिल दीक्षित, सतीश निगम सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से शहर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की दिशा में सकारात्मक बदलाव आएगा।


