अपराध और नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। कानपुर कमिश्नरेट में पुलिस कमिश्नर की अध्यक्षता में अहम क्राइम मीटिंग संपन्न हुई, जिसमें सभी जोन के डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि अपराध नियंत्रण और मादक पदार्थों की बिक्री पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किडनी खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर मामले का सफल खुलासा करने पर डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी की विशेष सराहना की गई। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाने के आदेश दिए गए।
इसके साथ ही चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक में थाना महाराजपुर और सेन पश्चिम पारा को विशेष चेतावनी दी गई।

महिला अपराध से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए नौबस्ता, महाराजपुर, बिधनू, शिवराजपुर, सचेंडी, पनकी, कल्याणपुर, काकादेव और किदवई नगर थानों को प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और नारकोटिक्स मामलों में अपेक्षित कार्रवाई न करने पर चकेरी, नरवल, रेल बाजार, बाबूपुरवा और ग्वालटोली थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी दी गई।
बैठक के माध्यम से कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अब अपराधियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


