HomeNEWSमहोबा में हीट वेव से बचाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ग़ज़ल...

महोबा में हीट वेव से बचाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ग़ज़ल भारद्वाज ने की समीक्षा बैठक


जनता, पशुओं, किसानों और मजदूरों की सुरक्षा के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और छाया व्यवस्था पर विशेष जोर

  • दीपक कुमार
  • महोबा। बढ़ती गर्मी और हीट वेव (‘लू’) के प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में आमजन को गर्मी से राहत दिलाने के लिए व्यापक तैयारियों पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों पर निःशुल्क पेयजल (प्याऊ) की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पशुओं के लिए तालाबों और पोखरों में पानी भरवाने तथा गौशालाओं में पानी, चारा और छाया की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रतीक्षालयों में स्वच्छ पेयजल, पंखे/कूलर और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को 24×7 चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाओं और एंटी वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

मनरेगा मजदूरों के लिए कार्यस्थलों पर छाया, स्वच्छ पेयजल, नियमित स्वास्थ्य जांच और ORS कॉर्नर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं विद्यालयों में छात्रों के लिए छाया और ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा खराब वाटर कूलर को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा अग्निशमन विभाग को मॉक ड्रिल और फायर ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए, जबकि किसानों को फसल अवशेष न जलाने के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को हीट वेव से बचाव के लिए जारी एडवाइजरी का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को जागरूक कर संभावित जोखिमों से बचाया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments