05 अभियुक्त गिरफ्तार, भारी नकदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। फजलगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन IPL सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो मोबाइल ऐप के माध्यम से IPL मैचों पर अवैध सट्टा चला रहे थे।
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। इसमें ₹1,04,300 नगद, 15 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, एक रजिस्टर और एक ब्लैक स्कॉर्पियो वाहन शामिल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित कर रहा था। प्रारंभिक जांच में कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध जुआ अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके कनेक्शनों की भी जांच में जुटी हुई है।
इस मामले पर एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि यह एक संगठित सट्टा गिरोह था, जिसके पूरे नेटवर्क को जल्द ही उजागर किया जाएगा और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


