HomeNEWSभारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु स्व-गणना अभियान का शुभारंभ,...

भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु स्व-गणना अभियान का शुभारंभ, 21 मई तक चलेगा विशेष अभियान

कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किया स्व-गणना में प्रतिभाग, जनपदवासियों से ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने की अपील

  • अमित कुमार

महोबा। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ से पूर्व चलाए जा रहे स्व-गणना (Self-Enumeration) अभियान का शुभारंभ आज कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। यह विशेष अभियान 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं स्व-गणना कर अभियान में सहभागिता की।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना 2027 की समस्त प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्व-गणना (Self-Enumeration) की ऑनलाइन प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए बताया गया कि नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर जनगणना प्रक्रिया को अधिक सटीक, सरल और तेज बना सकते हैं।

इस दौरान जनपदवासियों से अपील की गई कि वे 07 मई 2026 से प्रारंभ हो रहे स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। अधिकारियों ने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक घर बैठे ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे बाद में होने वाली गणना प्रक्रिया अधिक सुगम हो जाएगी।

अभियान के अंतर्गत बताया गया कि स्व-गणना करने वाले परिवारों को एक विशेष संदर्भ संख्या (Reference Number) प्रदान की जाएगी। बाद में जब प्रगणक (Enumerator) सत्यापन हेतु घर पहुंचेगा, तब इसी संदर्भ संख्या के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिससे समय की बचत होगी और कार्य अधिक व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकेगा।

महत्वपूर्ण तिथियां एवं जानकारी:

  • स्व-गणना (Self-Enumeration): 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक
  • मकान सूचीकरण संचालन (HLO): 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक
  • आधिकारिक पोर्टल: se.census.gov.in
  • समय: प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे डिजिटल माध्यम का उपयोग कर स्व-गणना प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि जनगणना 2027 को सफल एवं प्रभावी बनाया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments