हैलेट अस्पताल, कार्डियोलॉजी मार्ग सहित गंगा बैराज एवं गोल चौराहा पर यातायात व्यवस्था की समीक्षा, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। दिनांक 07.05.2026 को पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री रवीन्द्र कुमार द्वारा सुगम यातायात योजना “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के अंतर्गत शहर के प्रमुख स्थानों हैलेट अस्पताल मार्ग, कार्डियोलॉजी मार्ग, गंगा बैराज एवं गोल चौराहा का भौतिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा यातायात व्यवस्था, सड़क पर वाहन दबाव, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की स्थिति का गहन अवलोकन किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों को निर्देश दिए गए कि शहर में यातायात को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हैलेट अस्पताल मार्ग एवं कार्डियोलॉजी मार्ग के आसपास मरीजों एवं तीमारदारों की अधिक आवाजाही को देखते हुए अवैध पार्किंग हटाने, ई-रिक्शा एवं ऑटो के लिए निर्धारित स्टॉप चिन्हित करने तथा सड़क पर अनावश्यक रूप से रुकने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अस्पताल क्षेत्रों में एम्बुलेंस के निर्बाध आवागमन को प्राथमिकता देने हेतु विशेष यातायात प्रबंधन लागू करने पर भी बल दिया गया।
महोदय ने कहा कि “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि आमजन को जाम की समस्या से राहत मिल सके और यातायात संचालन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।


