
झुग्गी बस्ती अग्निकांड में राहत कार्य के लिए समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों को किया गया सम्मानित
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। पूर्वी विधानसभा के विकासनगर क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी में लगी भीषण आग की घटना के दौरान गरीब एवं पीड़ित परिवारों की मदद करने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सराहना की गई।
यह सम्मान समारोह सत्ता का आगाज़ साप्ताहिक समाचार पत्र के संपादक मनीष वर्मा एवं मुंशीपुलिया व्यापार मंडल के नेता अयोध्या श्रीवास्तव द्वारा आयोजित किया गया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद, प्रवक्ता जूही सिंह, प्रवक्ता दीपक रंजन, पूर्व नगर अध्यक्ष मुकेश शुक्ला एवं पूर्व नामित पार्षद अजीत यादव को सम्मानित किया गया।
ज्ञात हो कि इस भीषण अग्निकांड में दो मासूम बच्चों, मवेशियों एवं पूरी झुग्गी बस्ती को भारी नुकसान हुआ था। घटना के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रभावित परिवारों को भोजन सामग्री, कपड़े, घरेलू सामान एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई थी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर राहत कार्य में जुटे पदाधिकारियों की सराहना की और उनके प्रयासों को मानवीय सेवा का उदाहरण बताया।
प्रधान संपादक मनीष वर्मा ने इस अवसर पर अखिलेश यादव को आगामी विधानसभा चुनाव में सफलता की शुभकामनाएं भी दीं।


