ईद-उल-अजहा (बकरा ईद) पर शांति, सौहार्द और स्वच्छता बनाए रखने की अपील
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरा ईद) पर्व के दृष्टिगत थाना बजरिया क्षेत्र में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह गोष्ठी थाना चमनगंज, बजरिया एवं सीसामऊ के संभ्रांत व्यक्तियों तथा पीस कमेटी सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न हुई।
गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल डॉ. अर्चना सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त सीसामऊ तथा संबंधित थानों के थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे।

बैठक में त्योहार को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। साथ ही कुर्बानी केवल निर्धारित स्थानों पर ही करने तथा स्वच्छता एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया।


