समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवार को दी दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता, इंसाफ की लड़ाई हर स्तर पर लड़ने का आश्वासन
- अनुराधा सिंह
लखनऊ। ग्राम जसाला, जनपद शामली निवासी स्वर्गीय मोनू कश्यप हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। मोनू कश्यप की माता विमलेश ने कैराना सांसद सुश्री इक़रा चौधरी एवं विधायक श्री चौधरी नाहिद हसन के नेतृत्व में अखिलेश यादव से भेंट कर मामले में निष्पक्ष पुलिस जांच की मांग उठाई।
इस दौरान अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए समाजवादी Party की ओर से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
समाजवादी पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि मोनू कश्यप हत्याकांड को रेल हादसे का रूप देकर वास्तविक आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जानी चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और समाजवादी पार्टी न्याय की इस लड़ाई में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।


