HomeBundelkhandगंगा दशहरा एवं नौतपा पर अटल सेवा संस्थान का भव्य सेवा शिविर

गंगा दशहरा एवं नौतपा पर अटल सेवा संस्थान का भव्य सेवा शिविर

मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी के साथ हजारों लोगों को वितरित किया गया शीतल दूध-शरबत

पूजा परिहार

झांसी। अटल सेवा संस्थान द्वारा गंगा दशहरा एवं नौतपा के पावन अवसर पर झांसी में रानी लक्ष्मी बाई / मैथिलीशरण गुप्त पार्क (गेट नंबर-5), कांकने हॉस्पिटल के सामने भव्य दूध-शरबत वितरण शिविर का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी और नौतपा की तपिश के बीच आयोजित इस सेवा शिविर में हजारों राहगीरों, श्रमिकों एवं आम नागरिकों को ठंडा और शीतल दूध-शरबत वितरित कर राहत पहुंचाई गई।

प्रातः 6 बजे से प्रारंभ हुए इस आयोजन से पहले मंगलवार के पावन अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ एवं भजन-गायन किया गया। भक्तिमय वातावरण के बीच सेवा कार्य का शुभारंभ हुआ, जिसने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक एवं सामाजिक समरसता का स्वरूप प्रदान किया।

इस आयोजन की सबसे विशेष बात संस्था की मातृशक्ति की सक्रिय एवं प्रभावी भागीदारी रही। संस्था से जुड़ी महिलाओं ने पूरे वितरण कार्य की जिम्मेदारी संभालते हुए अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से लोगों तक शीतल पेय पहुंचाया। कार्यक्रम में दीपशिखा शुक्ला, रुचि सोनी, अर्चना खरे, सुनीता गुबरेले, रजनी यादव एवं मधु लता अग्रवाल सहित कई महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

भीषण गर्मी की परवाह किए बिना संस्था के पुरुष एवं युवा कार्यकर्ताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ व्यवस्थाओं को संभाला और शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह भुसारी ने सभी सहयोगियों एवं मातृशक्ति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नौतपा की इस भीषण गर्मी में प्यासे को पानी और राहगीरों को शीतलता प्रदान करना ही सच्ची मानव सेवा और ईश्वर सेवा है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग एवं समरसता की भावना को निरंतर मजबूत करना है।

कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं एवं सहयोगी सूची की निगरानी प्रमुख सदस्य शशांक द्वारा की गई। आयोजन के सफल संचालन पर संस्था की समस्त कार्यकारिणी, प्रबुद्ध नागरिकों एवं मीडिया जगत के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

मीडिया प्रभारी गिरीश चौरसिया ने बताया कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार के जनसेवा एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments