
मलिन बस्ती में शिविर लगाकर किशोरियों और महिलाओं को वितरित किए सैनिटरी पैड व दवाएं
- नरेश राठौर
झांसी। इण्डियन इंटीग्रेटिड मेडिकल एसोसिएशन (आईआईएमए) झांसी वूमेंस फोरम द्वारा अंतर्राष्ट्रीय माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर सीपरी बाजार स्थित खालसा स्कूल के पास मलिन बस्ती में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन डॉ. नीलम आनन्द की अध्यक्षता एवं डॉ. मोनिका मिश्रा के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। शिविर में 136 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क सैनिटरी पैड, ओआरएस पैकेट, आयरन, कैल्शियम, फोलिक एसिड की दवाएं तथा फल वितरित किए गए।
इस अवसर पर डॉ. नीलम आनन्द ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि माहवारी के दौरान कपड़े के स्थान पर सैनिटरी पैड का उपयोग करना चाहिए तथा हर छह घंटे में पैड बदलना आवश्यक है, जिससे संक्रमण से बचाव हो सके।
वहीं डॉ. मोनिका मिश्रा ने महिलाओं को खानपान के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि माहवारी के समय शरीर में खून की कमी न हो, इसके लिए हरी सब्जियों, फलों एवं पौष्टिक आहार का सेवन करना चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. अनुभूति मोदी, डॉ. स्वाति श्रीवास्तव, डॉ. मनीषा वर्मा, डॉ. पूनम आर्या, डॉ. राखी सेठ, डॉ. डिम्पल अग्रवाल एवं डॉ. नीतू सोनी उपस्थित रहीं।
इसके अतिरिक्त डॉ. देवेन्द्र पटसारिया, डॉ. विक्रम आनन्द, डॉ. केदार सेठ एवं डॉ. राम करण राजपूत का कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्वाति श्रीवास्तव ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. पूनम आर्या द्वारा किया गया।


