
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को मिलेगा सुलभ एवं सम्मानजनक आयोजन स्थल, विवाह व सामाजिक कार्यक्रम होंगे आसान
- गौरव मिश्रा
उन्नाव। नगर पालिका परिषद उन्नाव की अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने जनहित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद नागरिकों के लिए “सद्भाव मंडप” की सौगात देने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मानपूर्वक अपने पारिवारिक एवं सामाजिक कार्यक्रम संपन्न करने का अवसर प्रदान करना है।
नगर पालिका परिषद द्वारा स्थापित किया जा रहा यह “सद्भाव मंडप” विशेष रूप से विवाह, सामाजिक समारोहों एवं अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। इससे आमजन को सस्ते एवं सुविधाजनक दरों पर बेहतर आयोजन स्थल उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उन पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा।
अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने कहा कि नगर पालिका परिषद का लक्ष्य जनसेवा, जनसुविधा और जनकल्याण को प्राथमिकता देना है। इसी दिशा में यह प्रयास किया गया है ताकि जरूरतमंद परिवार भी बिना किसी आर्थिक कठिनाई के अपने महत्वपूर्ण आयोजनों को गरिमा के साथ संपन्न कर सकें।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद उन्नाव लगातार जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार की योजनाओं के माध्यम से आमजन को राहत एवं सुविधा प्रदान करने का कार्य जारी रहेगा।
इस पहल को क्षेत्र में एक सकारात्मक और जनकल्याणकारी कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


