यूपी एसटीएफ और कुशीनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, फर्जी दस्तावेजों के जरिए नौकरी और पढ़ाई का देते थे झांसा
- दिवाकर कुमार
कुशीनगर। धोखाधड़ी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स एवं कुशीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने नेपाल के नागरिकों को पढ़ाई, नौकरी और बेहतर आय का प्रलोभन देकर ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त एक संगठित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के सक्रिय सदस्य हैं, जो कुशीनगर में किराये के मकानों में रहकर अपनी गतिविधियों का संचालन कर रहे थे। गिरोह नेपाल के नागरिकों को शिक्षा, रोजगार और मार्केटिंग नेटवर्क के माध्यम से अधिक कमाई का लालच देकर भारत बुलाता था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले से तैयार कूटरचित आधार कार्ड, बॉन्ड पेपर और अन्य दस्तावेजों का उपयोग कर पीड़ितों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद उन्हें विभिन्न योजनाओं और अवसरों का झांसा देकर आर्थिक रूप से ठगते थे।
संयुक्त ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, कूटरचित बॉन्ड पेपर, आभूषण, भारतीय एवं नेपाली मुद्रा सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। बरामद सामग्री से गिरोह के व्यापक नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले संपर्कों की जानकारी मिलने की संभावना है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों तथा वित्तीय लेन-देन के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई सीमा पार अपराधों और संगठित धोखाधड़ी के विरुद्ध सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता मानी जा रही है।


