एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय की पहल से पति-पत्नी ने भुलाए मतभेद, साथ रहने पर जताई सहमति
- राहुल दीक्षित
कानपुर देहात। परिवारों को टूटने से बचाने और वैवाहिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के तहत एक बार फिर सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अभियान के अंतर्गत चार परिवारों के बीच चल रहे वैवाहिक विवादों का सफलतापूर्वक समाधान कराया गया।
पुलिस एवं काउंसलिंग टीम के प्रयासों से पति-पत्नी के बीच आपसी संवाद स्थापित कराया गया, जिसके बाद सभी चार परिवारों में सुलह-समझौता हो गया। लंबे समय से मतभेदों के कारण अलग रह रहे दंपतियों ने आपसी सहमति से अपने विवाद समाप्त करते हुए पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।

‘प्रोजेक्ट नई किरण’ का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को न्यायालयी प्रक्रिया तक पहुंचने से पहले संवाद, समझदारी और परामर्श के माध्यम से सुलझाना है। इस पहल के तहत बिखरते परिवारों को एक सूत्र में बांधने तथा बच्चों और परिवार के भविष्य को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने कहा कि पारिवारिक समस्याओं का समाधान आपसी बातचीत और समझदारी से संभव है। पुलिस का प्रयास केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और पारिवारिक खुशहाली को भी बढ़ावा देना है।
परिजनों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मिले परामर्श और सहयोग से उनका परिवार फिर से एकजुट हो सका। कानपुर देहात पुलिस का ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ लगातार ऐसे परिवारों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आ रहा है, जो किसी कारणवश टूटने की कगार पर पहुंच जाते हैं।


