HomeNEWSमिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

सुरक्षा हेल्पलाइन, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं और साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी

  • विवेक कुमार

कानपुर देहात। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-5’ के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में जनपदीय पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों, उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। पुलिस टीमों ने विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं को जागरूक करते हुए सुरक्षा संबंधी उपायों के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर होने वाली साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड एवं डिजिटल अपराधों से सतर्क रहने के लिए भी जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की उत्पीड़न, छेड़छाड़, साइबर अपराध या अन्य समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं से संपर्क करने की अपील की।

जनपद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह जागरूकता अभियान महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने तथा सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments