
लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित धार्मिक आयोजन में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
- अनुराधा सिंह
लखनऊ। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा द्वारा आयोजित नव दिवसीय श्रीराम कथा के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कथा व्यास, पद्म विभूषण एवं तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य के श्रीमुख से श्रीराम कथा का श्रवण किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच आयोजित इस कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, धर्म और लोककल्याण से जुड़े प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर सुना।
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए विधायक डॉ. नीरज बोरा को बधाई देते हुए कथा के सफल संचालन की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य के प्रवचनों का श्रवण कर धर्म, संस्कृति और मानव जीवन के मूल्यों से जुड़ी प्रेरणादायक सीख प्राप्त की।


